चुनाव प्रचार में महायुती ने झोंकी ताकत
अंतिम चरण में भोजपुरी अभिनेता,अभिनेत्री भी उतरे प्रचार में
निरहुआ व आम्रपाली ने की उत्तरभारतीयों से अपील
ठाणे. मनपा चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में सभी दल अपने तरीके जोर लगा रहे हैं जबकि महायुती ने तो अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. एकनाथ शिंदे और शिवसेना का गढ़ कहे जाने वाले ठाणे में महायुती के रूप में बीजेपी अपने उम्मीदवारों को जिताने में कोई कसर नहीं रख रही है. पार्टी ने चुनाव प्रचार में नेताओं से लेकर अभिनेताओं की फौज उतार दी है.
वागले इस्टेट के उत्तर भारतीय बहुल वार्ड 15 में तो सोमवार को भोजपुरी स्टार व पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की प्रचार सभा आयोजित की गई. भोजपुरी स्टारों की प्रचार सभा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. दिनेशलाल यादव निरहुआ एवं आम्रपाली दुबे ने मतदाताओं से महायुती के उम्मीदवार अमित सरैया, सुरेश काम्बले, यज्ञा योगेश भोईर और अनिता दयाशंकर यादव के लिए प्रचार कर जनता से समर्थन मांगा. इसी तरह कलवा में भी इनकी सभा आयोजित की गई. इंदिरानगर सहित उत्तरभारतीय बहुल इलाकों में बीजेपी ने दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे के साथ उत्तर भारतीय नेता कृपाशंकर सिंह, यूपी के विधायक रमेश मिश्र,अवधेश सिंह,ठाणे बीजेपी के उत्तरभारतीय नेता योगेश दुबे आदि पदाधिकारियों को प्रचार में उतार कर जोर लगाया है.
इंदिरा नगर की अपनी प्रचार सभा में दिनेश लाल निरहुआ एवं आम्रपाली दुबे ने अपनी खास शैली में महायुती के उच्च शिक्षित उम्मीदवार अमित जयसिंह सरैया सहित चारों उम्मीदवार को जिताने की अपील करते हुए नजर आए. उन्होंने दावा किया कि मुंबई, ठाणे सहित पूरे राज्य में महायुती समर्थन में लहर चल रही है. उत्तरभारतीय समाज बीजेपी शिवसेना के पक्ष में समाज एकजुट हो गया है. दिनेश लाल निरहुआ ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विकास के विजन को आगे ले जाने के लिए टीएमसी, बीएमसी सहित एमएमआर की मनपा में महायुती की सत्ता जरूरी है.
इसलिए ठाणे सहित पूरे एमएमआर में महायुती को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. प्रचार के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ठाणे के अपने गढ़ में बीजेपी शिवसेना महायुती के अधिकृत उम्मीदवारों को ही जिताने की अपील की. कुछ प्रभागों में शिवसेना के बागी उम्मीदवार भी निर्दलीय के रूप में खड़े हो गए हैं. बागियों के खिलाफ पार्टी नेताओं ने निलंबन की कार्रवाई की है.
चुनाव प्रचार में महायुती ने झोंकी ताकत
Reviewed by Dinesh Shukla
on
जनवरी 13, 2026
Rating:
Reviewed by Dinesh Shukla
on
जनवरी 13, 2026
Rating:



